फरीदाबाद। हथनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के बाद यमुना से सटी कालोनियों व गांवों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कांग्रेसी नेताओं के साथ आज बाढ़ प्रभावित बसंतपुर और इस्माईलपुर में जाकर हालातों का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान लोगों ने बलजीत कौशिक व कांग्रेसी नेताओं को बताया कि प्रशासन द्वारा उन्हें कोई सुविधाएं मुहैया नही करवाई जा रही है बल्कि यह कहकर पल्ला झाड़ा जा रहा है कि उनकी कालोनियां अवैध है। लोगों का दुखड़ा सुनने के बाद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि आपदा के इस समय प्रशासन को चाहिए कि वह हर व्यक्ति की निस्वार्थ भाव से मदद करे, लेकिन इस प्रकार की कार्यशैली प्रशासन और सरकार दोनों के दावों की ही पोल खोल रही है।
उन्होंने लोगों से कहा कि आप कतई मत घबराइए, आपदा की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है और जो भी संभव मदद होगी, कांग्रेस पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार इस प्राकृतिक आपदा के समय पूरी तरह से फेल नजर आ रही है, लोगों को सुविधाओं के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जो कि पूरी तरह से गलत है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके हक-हकूक की आवाज बुलंद करने में कोई कोर कसर बाकि नहीं छोड़ेगी और जल्द ही जिला उपायुक्त से मुलाकात करके वह राहत बचाव कार्याे को तेज करने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की मांग करेंगे। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रुप से राजा सैनी, देवेंद्र दीक्षित, अशोक रावल, सुशांत गुप्ता, डा. सौरभ, अनिल शर्मा पूर्व पार्षद, विनोद कौशिक,चेयरमैन विचार विभाग,एचपीसीसी, मनीष बोध, जुबेर खान सहित अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


