फरीदाबाद, 25 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले “सेवा पखवाडा” के तहत भाजपा ज़िला कार्यालय अटल कमल पर भाजपा फ़रीदाबाद के ज़िला अध्यक्ष गोपाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकात्म मानववाद और अन्त्योदय के प्रणेता, जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती को उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर अपनी भावांजलि अर्पित की ।
भाजपा जिला फरीदाबाद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फरीदाबाद के 1069 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय को स्मरण करते हुए माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये । जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों और उनके जीवन दर्शन को कार्यकर्ताओं के सामने रखते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा जिले के नगला चंद्रभान गांव में हुआ था । उन्होंने प्रशासनिक परीक्षा दी, उत्तीर्ण भी हुये किन्तु अंग्रेज सरकार की नौकरी नहीं की । 1937 में छात्र जीवन के दौरान पंडित जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सम्पर्क में आये और संघ के जीवनव्रती प्रचारक बन गये ।


