रेप केस में आरोपी का नाम हटाने के बदले आरोपी से रिश्वत लेने वाली महिला थाने में कार्यरत ASI सुमन को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी रेप के आरोपी से 1.70 लाख रुपए पहले ही ले चुकी थी। सोमवार को दस हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार पलवल निवासी राकेश के भतीजा संजय के खिलाफ एक महिला ने बल्लभगढ़ महिला थाने में 13 मार्च को दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था। इस केस में थाने में कार्यरत ASI सुमन जांच अधिकारी थी। बताया जाता है कि ASI ने आरोपी का नाम निकालने और पीड़िता की मेडिकल जांच रिपोर्ट गलत बनाने के बदले आरोपी से 6 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। लेकिन सौदा 1.80 लाख में तय हो गया था। आरोपी ने महिला पुलिसकर्मी को 1.70 लाख रुपए दे भी चुका था। सोमवार को बाकी दस हजार रुपए देने थे। आरोपी राकेश ने इसकी शिकायत स्टेट विजिलेंस के डीएसपी कैलाश चंद से की। कैलाश चंद ने टीम बनाकर पुलिसकर्मी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। सेामवार को विजिलेंस टीम ने राकेश को दस हजार रुपए के नोट देकर उसके नंबर नोट कर महिला थाने भेजा। जैसे ही महिला ASI सुमन ने पैसे लिए इशारा मिलने पर विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नोट भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।