फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने फरीदाबाद में आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग मुठभेड़ों को अंजाम दिया। इन मुठभेड़ों में मारपीट, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित मास्टरमाइंड कमल भड़ाना समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मुठभेड़ों की दूरी मात्र 10 किलोमीटर थी। कार्रवाई के दौरान कमल भड़ाना और उसके साथी शशिकांत के पैर में गोली लगी, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार को भी गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट ने उनकी जान बचा ली। गंभीर रूप से घायल कमल भड़ाना को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि शशिकांत का इलाज फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में चल रहा है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने बदमाशों के पास से देसी कट्टे, पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए।
बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
क्राइम ब्रांच इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बदमाश शशिकांत अपने साथियों के साथ गुरुग्राम से बाइक पर फरीदाबाद की ओर आ रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने पाली-सूरजकुंड रोड पर नाकाबंदी की। जैसे ही बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, उन्होंने बाइक भगा दी और पहाड़ी की तरफ भागने लगे। बाइक फिसलने से गिर गई और दोनों बदमाश पैदल भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शशिकांत के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी छीदा भी मौके से पकड़ा गया।
सैनिक कॉलोनी में हुई दूसरी मुठभेड़
क्राइम ब्रांच इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि पकड़े जाने का बाद दोनों ने पूछताछ में बताया कि मास्टरमाइंड कमल भड़ाना और उसका साथी गोलू सैनिक कॉलोनी रोड पर उनका इंतजार कर रहे हैं। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस सैनिक कॉलोनी रोड पहुंची, जहां उनके दो साथी कमल भड़ाना और गोलू पहले से मौजूद थे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर विजय की छाती में गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के चलते उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में कमल के पैर में भी गोली लगी और दोनों बदमाशों को मौके से दबोच लिया गया।
घायल बदमाश कमल भड़ाना दिल्ली रेफर
कमल भड़ाना की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बादशाह खान अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। शशिकांत का इलाज फरीदाबाद में ही चल रहा है। उन्होंने बताया कि कमल भड़ाना समेत गिरफ्तार बदमाश विभिन्न मारपीट, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित चल रहे थे। उनके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई से इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया है।
कपड़ा व्यापारी से मांगी थी 2 करोड़ की रंगदारी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने एक बड़े कपड़ा व्यापारी से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसी सिलसिले में यह गैंग एक बड़ी वारदात को अंजाम देने निकल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से समय रहते इन्हें दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि टीम की सक्रियता और सही समय पर की गई जवाबी कार्रवाई से एक बड़ी वारदात को टाल दिया गया। गोली लगने के बावजूद पुलिसकर्मी के सुरक्षित रहने से क्राइम ब्रांच की टीम के हौसले और विश्वास को बढ़ावा मिला है। यह मुठभेड़ इलाके की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस को इस मामले में अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरी गुत्थी सुलझेगी। पुलिस अपराध-अपराधियों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


