फरीदाबाद। जिला उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बुधवार आज प्रशासनिक कार्यशैली में और अधिक पारदर्शिता और सक्रियता लाने के उद्देश्य से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी ) एवं आधार कार्ड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद रहे। डीसी ने केंद्र पर पहुँचकर न केवल फाइलों और कंप्यूटरों की जांच की, बल्कि कर्मचारियों की उपस्थिति और नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं का भी बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी आयुष सिन्हा ने परिवार पहचान पत्र से जुड़े पंजीकरण, संशोधन और सत्यापन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि पीपीपी सरकार की एक बेहद महत्वपूर्ण योजना है, जिससे आमजन को सरकारी लाभ मिलते हैं। अतः इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आदेश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।
आधार कार्ड केंद्र का अवलोकन करते हुए डीसी ने बायोमेट्रिक प्रक्रियाओं और नामांकन कार्यों को देखा। उन्होंने केंद्र पर मौजूद नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनसे आ रही समस्याओं के बारे में पूछा। डीसी ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए अलग से प्राथमिकता तय की जाए। साथ ही केंद्रों पर पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वे आने वाले नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं का उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं बल्कि उनकी मदद करना है। तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए और यदि किसी कर्मचारी की कार्यशैली में कोताही पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


