फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान ने कहा है कि कांग्रेस ही सही मायनों में हर वर्ग के हितों की पार्टी है जबकि भाजपा ने गरीबों के हकों पर कुठाराघात किया है। भाजपा ने फरीदाबाद को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है, जो फरीदाबाद कांग्रेस राज में विश्व के मानचित्र पर औद्योगिक रुप से चमकता था, आज यहां से उद्योग पलायन हो रहे है, बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन भाजपाई कागजों में विकास की बात करके लोगों को गुमराह कर रहे है, लेकिन अब जनता भाजपाईयों के झूठे प्रलोभनों में कतई आने वाली नहीं है।
चौ. उदयभान सेक्टर-19 स्थित अग्रसेन भवन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन सिंगला के संयोजन में आयोजित फरीदाबाद विधानसभा 89 के कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान लखन सिंगला के संयोजन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान और कांग्रेस प्रत्याशी चौ. महेंद्र प्रताप का बड़ी माला व सम्मान रुपी पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया।
सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने एक स्वर में चौ. महेंद्र प्रताप को भारी मतों से विजयी बनाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद ओमवती कंवर के पति निहाल पहलवान व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महावीर बिश्रोई ने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस का दामन थामा। प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों को पटका पहनाकर उनका पार्टी में आने पर स्वागत किया और उन्हें पूरा मान सम्मान देने का भरोसा दिलाया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौ. उदयभान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र को न्याय पत्र का नाम दिया है और सरकार बनने पर कांग्रेस 5 न्याय व 23 गारंटी लोगों के समक्ष रखीं हैं जिन्हें पूरा किया जाएगा। भाजपा के तो 15 लाख के जुम्ले निकले हैं लेकिन राहुल गांधी ने न्याय पत्र में महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा सोह भीमराव अंबेडकर व राहुल गांधी की पदयात्रा के पसीने की गंध नजर आती है। उन्होंने कहा कि अब पचा लीक नहीं होगा और प्रदेश में युवाओं को रोजगार की गारंटी हमारी है। उन्होंने मंच से कांग्रेस प्रत्याशी चौ. महेंद्र प्रताप को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी चौ. महेंद्र प्रताप ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले दस साल में भाजपा ने लोगों को महंगाई और भ्रष्टाचार की सौगात दी है, आज बेरोजगारी चरम सीमा पर है और लोगों के समक्ष दो जून की रोटी की समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने फरीदाबाद का जिक्र करते हुए कहा कि यह जिला विकास पटरी से पूरी तरह से उतर गया है क्योंकि फरीदाबाद का सही विकास कांग्रेस की ही देन है। भाजपा ने तो केवल लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया है।
फरीदाबाद शहर में मैट्रो कांग्रेस लेकर आई और कांग्रेस ने ही बल्लभगढ तक मैट्रो का विस्तार किया। मेडिकल कॉलेज कांग्रेस सरकार की देन है, यूनिवर्सिटी, आईएमटी सहित मास्टर प्लान के तहत कराए गए विकास कार्य केवल और केवल कांग्रेस की देन है और इसी विकास की बदौलत वह जनता के बीच समर्थन मांगने जा रहे है और उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर संसद भेजेगी और भाजपा का अहंकार तोड़ेगी।