फरीदाबाद । जिला युवा अधिकारी प्रियंका मालिक के नेतृत्व में जिला युवा अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित अधिकारियों ने अपने प्रशिक्षण अवधि के दौरान जिला लोक संपर्क विभाग की कार्यशैली, दायित्वों तथा जनसंचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। ये सभी अधिकारी जिला युवा अधिकारी के पद पर चयनित हुए हैं और वर्तमान में प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, जिसका उद्देश्य उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम बनाना है। जिनमें मुरुनल निवासी केरल से, सुखबीर मिश्रा निवासी बनारस, सुनील राय निवासी मुम्बई, पूजा गौतम निवासी उत्तर प्रदेश, कुमार गौरव निवासी गया बिहार, श्रेया तोंडोगा निवासी जींद हरियाणा से है। जिला युवा अधिकारियों ने राज्य मंत्री राजेश नागर से भी मुलाकात की।
जिला युवा अधिकारी प्रियंका मालिक ने बताया कि इन अधिकारियों का चयन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिभा सेतु पहल के माध्यम से हुआ है। यह पहल उन प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करती है जो यूपीएससी की चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंचने के बावजूद अंतिम सूची में स्थान नहीं बना पाते। ऐसे युवाओं की क्षमता, ज्ञान और कौशल का उपयोग शासन-प्रशासन की विभिन्न जिम्मेदारियों में किया जा सके, इसी उद्देश्य से उन्हें जिला युवा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चयनित कर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला लोक संपर्क विभाग की संरचना, मीडिया समन्वय, सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की प्रक्रिया, सामाजिक जागरूकता अभियानों के संचालन तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। साथ ही, प्रशासन और युवाओं के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने की भूमिका पर भी विशेष बल दिया गया।
नवचयनित जिला युवा अधिकारियों ने अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और वे युवाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक विकास तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि अपने प्रयासों से वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दे सकेंगे तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।


