फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में वीरवार आज डीसी विक्रम सिंह की अध्यक्षता में जल शक्ति अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाकर अभियान की प्रगति को गति देना सुनिश्चित करें, जिससे जिले में जल संरक्षण के स्थायी समाधान सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा कार्यों की समय-सीमा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान डीसी ने सभी विभागों को जल शक्ति अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना सुनिश्चित करें। डीसी ने जनसहभागिता पर बल देते हुए कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब आमजन की भागीदारी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जल संरक्षण के प्रति जागरूक हों और सरकारी प्रयासों में सहयोग करें।
बैठक में एडीसी सह सीईओ जिला परिषद फरीदाबाद सतबीर मान, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, डीडीपीओ प्रदीप कुमार, सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ), नगर निगम, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


