Faridabad/Atulya Loktantra : फरीदाबाद की एक कॉलोनी में शुक्रवार रात 8 बजे एक डेढ़ साल की बच्ची से रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी बच्ची को खिलाने के बहाने लेकर गया और रेप करने के बाद बेहोशी की हालत में बच्ची की दादी के पास फेंककर फरार हो गया। बच्ची उस समय लहूलुहान थी। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां ब्लीडिंग न रूकने की वजह से रात डेढ़ बजे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुस्साए लोगों ने सेक्टर-12 लघु सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग की।
बच्ची के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात को डेढ़ वर्षीय बच्ची घर में थी। आरोपी किशोर उसे खिलाने के बहाने बच्ची की मां से ले गया। उसने बच्ची के साथ रेप किया, बच्ची बेहोश हो गई। वह उसे कंधे पर लादकर घर पहुंचा। बच्ची की दादी ने पूछा कि बच्ची को ऐसे क्यों लेकर आया है तो उसने दादी के साथ मारपीट की और बच्ची को फेंककर फरार हो गया।
दादी ने देखा तो बच्ची बेहोश होने के साथ-साथ लहूलुहान हालत में थी। वे आनन-फानन में बच्ची को सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां पता चला कि बच्ची के साथ रेप हुआ है। रात करीब डेढ़ बजे बच्ची की हालत बिगड़ी तो उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अब बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में सेक्टर-55 थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।