फरीदाबाद। फरीदाबाद में एचएसवीपी द्वारा सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेक्टर-61 में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जमीन की कमी के चलते लंबे समय से अटकी यह परियोजना अब गति पकड़ चुकी है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट को अपने हाथ में लेकर तेजी से काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में सिटी बस डिपो का निर्माण किया जाएगा। शहर में जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने वाली हैं, जिन्हें संचालित करने की जिम्मेदारी फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (स्नरूष्ठ्र) के पास होगी। ऐसे में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना प्राथमिकता बन गया है।
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 9 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें 6 करोड़ रुपए डिपो निर्माण और 3 करोड़ रुपए इलेक्ट्रिकल कार्यों पर लगाए जाएंगे। सेक्टर-61 में करीब 5 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस डिपो में बसों के लिए पार्किंग, सर्विस स्टेशन, वर्कशॉप और स्टाफ सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खास बात यह है कि ग्राउंड फ्लोर पर बस अड्डा होगा, जबकि ऊपर की मंजिलों पर कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। फिलहाल शहर में करीब 50 सिटी बसें चल रही हैं, लेकिन नई इलेक्ट्रिक बसों के आने से यातायात व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।


