फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में 18 दिसंबर 2025 से एग्री स्टैक पोर्टल की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के सभी काश्तकार किसानों की एक यूनिक आईडी बनाई जा रही है, जिससे किसान अपनी भूमि से संबंधित सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन देख सकेंगे और भविष्य में कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर विशेष कैंपों के माध्यम से किसानों की एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनाई जा रही है। प्रत्येक गांव में गठित टीम में राजस्व विभाग से एक पटवारी, कृषि विभाग से एक अधिकारी तथा एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल है। उन्होंने बताया कि किसान जिस भी गांव में प्रशासन द्वारा कैंप लगाए जा रहे हैं, वहां अपनी आधार कार्ड की प्रति, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा जमीन की फर्द साथ लेकर आएं और अपनी आईडी अवश्य बनवाएं।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि एग्री स्टैक पोर्टल के माध्यम से किसानों का डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में उन्हें सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, फसल बीमा, ऋण सुविधा एवं अन्य कृषि आधारित सेवाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल किसानों के लिए एकीकृत डिजिटल पहचान का कार्य करेगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में समय की बचत सुनिश्चित करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो किसान एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनवाने से वंचित रह जाएंगे, वे भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, खाद सब्सिडी सहित अन्य कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं। इसी क्रम में आज रविवार को विभिन्न तहसीलों के गांवों में एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए विशेष कैंप लगाए गए। जिसमें पंजीकरण के साथ साथ ग्रामवासियों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया तथा इसके दूरगामी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि 05 जनवरी 2026 को जिले की विभिन्न तहसीलों के अंतर्गत आने वाले गांवों में आयोजित किए जाएंगे। जिनका विवरण इस प्रकार है :- तहसील फरीदाबाद के अंतर्गत ताजुपुर, बदरपुर सैद, खेड़ीकलां, नचौली, लालपुर, शेरपुर खादर, पलवली में; तहसील तिगांव में सदपुरा/देहकोला/जसाना, कबूलपुर पट्टी परवरिश/अमीपुर/कबूलपुर पट्टी मेहताब और तिगांव/फज्जुपुर माजरा में तहसील बडख़ल में पाखल, खेड़ी गुजरान और गांव पाली में; तहसील धौज में फतेहपुर तगा, सिरोही और खोरी जमालपुर में; तहसील गौंछी में बिजौर और सिकरोना में; तहसील बल्लभगढ़ में सोतई, मलेरना, प्याला, फतेहपुर बिल्लौच, शाहपुर खुर्द में, तहसील दयालपुर में अरुआ, अटाली और भैंसरावली में तथा तहसील मोहना में पन्हेड़ा खुर्द, छायंसा, मोहना और साहुपुरा में एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनवाने के कैंप लगाए जाएंगे।


