महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है कांग्रेस पार्टी: कुमारी सैलजा
फ़रीदाबाद, 21 फरवरी अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के तत्वावधान में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के द्वारा दिए गए नारे ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ के 125 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस के द्वारा बल्लभगढ़ में आयोजित शक्ति यात्रा में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सभी महिलाओं को आगे बढ़कर अन्याय और असमानता से लड़ने का आह्वान किया।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में यह यात्रा बल्लभगढ़ के अम्बेडकर चौक से आरंभ होकर सिटी पार्क, बल्लभगढ़ तक निकाली गई। इस दौरान मुख्य रूप से हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस प्रभारी ओनिका महरोत्रा, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी, एनआईटी विधायक नीरज शर्मा मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा की ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि एक मुहिम है, जिसके तहत हमारी नेता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में नेतृत्व करने का अवसर प्रदान कर रही है। कांग्रेस पार्टी की सोच हमेशा से ही महिलाओं को आगे लाने और उनके समग्र विकास की रही है। कांग्रेस पार्टी की महासचिव और हमारी नेता श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ जैसी मुहिम चलाकर उत्तर प्रदेश की लड़कियों के स्वाभिमान को और अधिक बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश में चुनाव हेतु 40 फीसद महिला प्रत्याशी घोषित करके कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति अपनी प्रगतिशील सोच को आगे रखा है।
कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा की जिस बल्लभगढ़ व फरीदाबाद को रोजगार सृजन के लिए पूरे भारत में जाना जाता था, आज वो फरीदाबाद पिछड़ेपन का सबसे ज्यादा दंश झेल रहा है। भाजपा-जजपा की यह सरकार बल्लभगढ़ में भू-माफियाओं का राज लाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस सरकार की साजिशों के खिलाफ हर स्तर पर अपनी लड़ाई लड़ेगी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार ने बेतहाशा महंगाई बढ़ाकर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। आंकड़ों की माने तो मंहगाई में लगातार दो महीनों से हरियाणा पहले स्थान पर है। बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार व नौकरी बेचने के मामलों के बाद अब हरियाणा को महंगाई में देश में नंबर-वन बना दिया है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार को कोई शर्म व शिकन तक नहीं है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में बेतहाशा बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही हरियाणा की आम जनता से शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने विकास शुल्क के नाम पर भारी भरकम उगाही का फैसला लिया है। अब शहरों में कलेक्टर रेट का पांच प्रतिशत के हिसाब से विकास शुल्क देना होगा। पहली की विकास शुल्क दरों के मुकाबले यह कई गुना तक अधिक है। इससे लोगों का आशियाना बनाना और महंगा हो गया है। सरकार रोजगार बढ़ाने व महंगाई कम करने के बजाय जनता से वसूली के नए-नए हथकंडे अपना रही है।
कुमारी सैलजा ने आगे कहा कि भाजपा सरकार के झूठ से जनता ऊब चुकी है। अब हर आम जन सच जान चुका है। तीन कृषि कानून पर पूरी पोल पट्टी खुल चुकी है। अब अहंकार और धक्केशाही का अंत नजदीक आ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। इस सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। जनता की समस्याओं की तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है। जनता को धर्म व जात-पात के नाम पर बांटने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जा रही है। इस सरकार का पतन सुनिश्चित है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, हमारे नेता श्री राहुल गांधी जी और श्रीमती प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में जनता के हितों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान पूर्व विधायक ललित नागर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह, बलजीत कौशिक, स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज मनोज अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढिंगरा, प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र चंदेलिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश तंवर, एचपीसीसी कॉर्डिनेटर गौरव ढिंगरा, किसान कांग्रेस महासचिव राकेश भड़ाना, रिंकू चंदीला, महिला कांग्रेस सचिव गजना लाम्बा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता फागना, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, पलवल महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सविता चौधरी, ललित भड़ाना, प्रियंका अग्रवाल, सत्यवीर डागर, संजीव चौधरी, वीरेंद्र तेवतिया, गुलशन बग्गा, अश्विनी कौशिक, संजीव भारद्वाज, युवा कांग्रेस प्रवक्ता पराग शर्मा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिलाष नागर, राजेश आर्या, भरत अरोड़ा, राजकुमार शर्मा, गौतम पराग, अनीश पाल, वंदना सिंह, डॉ. परमजीत सिंह, पंकज डावर, सेवादल सचिव सगीरन खान, एडवोकेट स्वर्ण सिंह, अशोक रावल, बाबूलाल रवि, मोहन ढिल्लों, चुन्नू राजपूत, सोनी सलूजा, नरेश वैष्णव, अनिल नेताजी, अजित तोमर, इकबाल कुरेशी, आकाश पंडित, शुभम कसाना सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।