फरीदाबाद, 05 मई। भारतीय जनता पार्टी के सारथी और हरियाणा के सिरमोर कहे जाने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल के 70वें जन्मदिन को उनके कार्यकर्ताओं द्वारा आज बड़ी धूमधाम से प्रदेश में कई जगहों पर मनाया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन के मौके पर शुक्रवार को संत कबीर कुटीर में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु-संतों ने भी मुख्यमंत्री को इस अवसर पर बधाई और आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने निवास स्थान संत कबीर कुटीर में सुबह हवन यज्ञ किया और प्रदेश की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ही उनका परिवार है और उनका जीवन समस्त हरियाणा वासियों को समर्पित है। मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन पर योग गुरु स्वामी रामदेव, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, अलवर से सांसद बाबा बालकनाथ सहित देश प्रदेश से आए साधु संतों ने आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं को तोहफा देते हुए कौशल रोजगार निगम के माध्यम से एक क्लिक से 896 युवाओं को नौकरी के ऑफर लेटर भेजे। साथ ही उन्होंने अनाथ बच्चों के कल्याणार्थ हरियाणा बाल कल्याण परिषद को 2 करोड़ रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की।