फरीदाबाद, 12 जून । मानव अधिकार मिशन ने आज अपना 12वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ महेंद्र शर्मा के सान्निध्य में केक काटा और मानव सेवा का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि इन 12 वर्षों में मिशन ने अपने साथ डेढ़ लाख सदस्यों को जोड़ा है और हर वर्ष हजारों की संख्या में लोगों की समस्याओं का निराकरण हमारी टीम कर रही है। डॉ शर्मा ने बताया कि देश में करीब 450 जिलों में हमारी इकाइयां काम कर रही हैं वहीं पांच देशों में भी हमारे संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि इन 12 वर्षों की यात्रा को देखकर संतोष होता है कि हमने लंबी दूरी तय की है लेकिन असंतोष इस बात का है कि भय, भूख, भ्रष्टाचार, अपराध से लड़ाई और कड़ी होती जा रही है। आदमी आदमी का दुश्मन हो रहा है। ऐसे में हमारे ऊपर जिम्मेदारी और बढ़ गई है। इसके लिए हम और सक्रिय कार्यकर्ता बनाएंगे इसके लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यशालाओं एवं सेमिनारों का आयोजन होगा।

