मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक फरवरी का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकता है। IMD डायरेक्टर ने बताया कि फरवरी में रातें कम ठंडी और दिन ज्यादा गर्म हो सकते हैं। इसका कारण ला-नीना का कमजोर होना बताया जा रहा है।
हालांकि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है। इससे अगले 2 दिन उत्तर-पश्चिम और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होगी। रविवार को राजस्थान, एमपी, यूपी, हिमाचल और हरियाणा में बारिश, ओलावृष्टि और घना कोहरा रहा, जिससे फसलों को नुकसान हुआ।
रविवार सुबह देश के 5 राज्यों यूपी, पंजाब, मेघालय, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कुल 11 जिलों में तापमान 5 से 8 डिग्री के बीच रहा। इनमें अमृतसर सबसे ठंडा था, यहां पारा 5.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में रविवार को बर्फबारी शुरू हो गई है। 8 जिलों में देर रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। वहीं राजस्थान के भीलवाड़ा में घने कोहरे से 30 यात्रियों से भरी बस पलट गई, एक यात्री गंभीर घायल हुआ।
उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। कोहरे से रायबरेली समेत 4 जिलों में 8 गाड़ियां टकराईं, जिससे 2 की मौत और 10 घायल हुए। वहीं 30 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर दम्माम से आया विमान आधे घंटे चक्कर लगाकर लौट गया।
पंजाब में इस साल जनवरी महीना पिछले 15 साल में सबसे ठंडा रहा। जनवरी में लगातार 18 दिन कोहरा छाया। संगरूर में धुंध के कारण बस पेड़ से टकराई। हादसे में 7 कर्मचारी घायल हुए।
हिमाचल प्रदेश के काल्पा में रविवार को पारा माइनस 0.4 डिग्री तापमान रहा। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। राज्य में अगले तीन दिन बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है। IMD ने सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में सर्दी धीरे-धीरे कम हो रही है। चिल्लई खुर्द शुरू होने से श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 डिग्री दर्ज किया गया। कुपवाड़ा-पहलगाम में पारा माइनस 1.4 डिग्री और कुकेरनाग में जीरो डिग्री तापमान रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली में ठंड कम हो रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। राजधानी में सुबह AQI 278 दर्ज किया गया है।


