फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा राजस्व सलाहकार एवं सहायक राजस्व सलाहकार पदों पर अनुबंध आधार पर नियुक्ति के लिए वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन 30 जुलाई 2025 को किया जाएगा। यह जानकारी निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने दी। उन्होंने बताया कि यह नियुक्तियाँ हरियाणा नगर निगम व्यवसाय उपनियम-2009 की धारा 378 डी 1(2) के अंतर्गत की जाएंगी।
इंटरव्यू का आयोजन प्रातः 11:00 बजे, कक्ष संख्या 86, अतिरिक्त आयुक्त-द्वितीय का कार्यालय, नगर निगम फरीदाबाद, बी.के.चौक, एनआईटी फरीदाबाद में किया जाएगा। राजस्व सलाहकार पद के लिए आवेदन केवल सेवानिवृत्त जिला राजस्व अधिकारी ही कर सकते हैं। सहायक राजस्व सलाहकार पद के लिए सेवानिवृत्त तहसीलदार या नायब तहसीलदार पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति एक वर्ष की निश्चित अवधि के लिए होगी, जिसे आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को कोई यात्रा या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। साथ ही, निगम को इस प्रक्रिया को किसी भी समय निरस्त करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।इच्छुक पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि व समय पर समस्त दस्तावेजों सहित उपस्थित हों।


