फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी में चोरों ने एक महिला डॉक्टर के घर समेत तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पुलिस कांवड़ यात्रा की ड्यूटी में व्यस्त थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। चोरी की वारदात को लेकर पुलिस जांच में लगी है।
जवाहर कॉलोनी निवासी डॉ. सोनिया शर्मा ने बताया कि वह डिस्पोजल रोड पर क्लिनिक चलाती हैं। उनके पति गांव गए हुए थे और वह खुद मायके चली गई थीं। सुबह उन्हें किसी परिचित का फोन आया कि उनके घर का दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ है। जब वे मौके पर पहुंचीं, तो घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखी लाखों की ज्वेलरी और नकदी गायब थी। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पीवीआर टीम मौके पर पहुंची।
पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले उनके क्लिनिक में भी चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दी गई थी, लेकिन आज तक न चोर पकड़े गए और न ही चोरी का सामान बरामद हुआ। चोरों ने सोनिया शर्मा के अलावा कॉलोनी के अन्य घरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन कुछ घरों में उन्हें सफलता नहीं मिली।
जिन मकानों में कोई मौजूद नहीं था, वहां से वे खाली हाथ लौट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डायल 112 पीवीआर इंचार्ज सुरेंद्र ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता से जानकारी ली और मामले को संबंधित थाने में भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


