फरीदाबाद, 16 सितम्बर। मानव रचना के दूरदर्शी संस्थापक डॉ. ओ.पी. भल्ला की 10वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रेरणा स्थल पर सभी ने डॉ. ओपी भल्ला को पुष्पांजलि दी। इसके बाद मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने भावपूर्ण भजन पेश किए। मौके पर परिसर में हवन का आयोजन हुआ जिसमें सभी ने प्रार्थना कर सामूहिक आहूति दी।
इस दौरान डॉ. ओपी भल्ला की स्मृति में कई सामाजिक कल्याण गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिजली एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर पहुंचे।
इस मौके पर परिसर में डॉ. ओपी भल्ला फाउंडेशन की ओर से लायंस क्लब और रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद के साथ मिलकर दो दिवसीय मेगा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के पदाधिकारियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान जरूरतमंदों के लिए कुल 1356 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इसके साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर हुआ जिसमें शुगर, ब्लड प्रेशर, नेत्र जांच की गई। 40 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए और मैमोग्राफी जांच की गई। जीनबंधु और जीवनदायिनी फाउंडेशन के सहयोग से इच्छुक स्टेम सेल दाताओं के लिए जागरूकता और पंजीकरण शिविर भी लगाया गया, जिसमें कुल 243 छात्रों और संकाय सदस्यों ने बोन मैरो दाता के रूप में पंजीकरण कराया ।


