फरीदाबाद, 19 अक्टूबर। मानव रचना शैक्षणिक संस्थान (एमआरईआई) ने इंटरनेशनल बैकलॉरिएट (आईबी) के साथ समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। शिक्षा में बेहतरीन बदलावों के साथ छात्रों को करियर आधारित शिक्षा प्रदान करने और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ये साझेदारी की गई है। इसके तहत समूह के स्कूलों में आईबी आधारित पाठ्यक्रम (प्राइमरी व मिडल ईयर व डिप्लोमा कार्यक्रम) लागू करना, आईबी के करियर-आधारित कार्यक्रमों को लागू करना और उन्नत शिक्षण केंद्र स्थापित करना शामिल हैं। इस समझौते के तहत मानव रचना यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर एडवांस्ड लर्निंग की स्थापना की जाएगी, जहां आईबी एजुकेटर्स सर्टिफिकेट (आईबीईसी) पाठ्यक्रम कराया जाएगा।
इस केंद्र में उन शिक्षकों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा जो आईबी कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ज्ञान और कौशल हासिल करना चाहते हैं। इस दौरान आईबी टीम का प्रतिनिधित्व आईबी यूके में मार्केटिंग एंड कम्यूनिकेशन डायरेक्टर डॉ. एमी पार्कर डिक्सन, आईबी द हेग नीदरलैंड में बिजनेस डेवलपमेंट के ग्लोबल डायरेक्टर श्री हाइफ़ बन्नायन, दक्षिण एशिया के आईबी डेवलपमेंट एंड रिकगनेशन मैनेजर श्री महेश बालकृष्णन , भारत में आईबी डेवलपमेंट एंड रिकगनेशन मैनेजर श्री शशिकांत विश्वकर्मा ने किया।


