मानव रचना विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ की ओर से जस्टिस आर.सी. लाहोटी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता-2024 का सफल आयोजन किया गया।
अकादमिक उत्कृष्टता और व्यावहारिक कानूनी कौशल को बढ़ावा देने के लिए कराई गई इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के लॉ स्कूलों से 16 प्रतिष्ठित टीमों ने भाग लेकर विविध कानूनी समझ, प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय कानून और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बीच आपसी संबंध और इस क्षेत्र में उभरते नए विचारधाराओं की संभावनाएं तलाशना रहा।
प्रतियोगिता के पहले दिन प्रारंभिक दौर में प्रतिभागियों ने विषय पर विचार साझा किए, जबकि दूसरे दिन समापन समारोह में कानूनी समझ और जानकारी पेश करते हुए पुरस्कार जीते।
भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान सभी को संबोधित करते हुए मानव रचना शैक्षणिक संस्थान (एमआरईआई) के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला ने सलाहकार बोर्ड के संस्थापक सदस्य के रूप में जस्टिस आरसी लाहोटी की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी स्मृति में आयोजित होने वाली मूट कोर्ट प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
एमआरयू के कुलपति डॉ. आई.के. भट्ट ने आर.सी. लाहोटी के जीवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें साझा की। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस यू.यू. ललित और एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड, दिव्यकांत लाहोटी ने कानूनी और शैक्षणिक क्षेत्रों में जस्टिस लाहोटी के योगदान के बारे में विस्तार से चर्चा की।


