बल्लभगढ़। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं मूलचंद शर्मा ने सेक्टर 61 में लगभग सवा एकड़ जमीन पर नए फायर स्टेशन की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नए फायर स्टेशन के बनने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्थिति में तेज और बेहतर सेवा मिलेगी, जिससे नागरिकों की सुरक्षा मजबूत होगी।
मूलचंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार फायर सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर गंभीर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बल्लभगढ़ सहित हरियाणा में करीब 11 नए फायर स्टेशन बनाए जाएंगे, जो आधुनिक तकनीक से लैस होंगे। इससे आपदा प्रबंधन और भी प्रभावी होगा। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 15वें वित्त आयोग के तहत हरियाणा को 116.60 करोड़ रुपए की सहायता दी गई है।
इसमें से 24.53 करोड़ की राशि विशेष रूप से नए फायर स्टेशनों के निर्माण के लिए आवंटित की गई है। यह कदम फायर सेवाओं के विस्तार और नागरिक सुरक्षा को बेहतर बनाने में अहम साबित होगा। इसी क्रम में बल्लभगढ़ में विकास कार्य भी जारी हैं। हाल ही में लगभग 35 लाख रुपए की लागत से हरी विहार में छह गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा, निगरानी कमेटी के पूर्व चेयरमैन पारस जैन, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद किरण बाला, स्वराज भाटी, पीएल शर्मा, सेक्टर 62 के प्रधान सीताराम अत्री, सतवीर शर्मा, अरुण द्विवेदी, स्टेट ऑफिसर विकास ढांडा, फायर अफसर राकेश सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।


