फरीदाबाद, 15 जुलाई। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नरेंद्र गुप्ता ने यमुना नदी के जलस्तर के बढ़ने से आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक नरेंद्र गुप्ता स्थिति को देख इतना भावुक हो गए कि स्वयं बाढ़ के पानी में उतरकर उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान विधायक नरेंद्र गुप्ता ने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और उन्हें राहत सामग्री व भोजन के पैकेट वितरित किए।
इस दौरान उनके साथ भाजपा उपाध्यक्ष पंकज रामपाल,मंडल अध्यक्ष नीरज मित्तल, श्रीचंद गौतम, मनोज मंगला सहित अनेक लोग मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक नरेंद्र गुप्ता ने बाढ़ पीड़ित लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह से बाढ़ पीड़ितों के लिए गंभीर है तथा शासन व प्रशासन लगातार उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

