फरीदाबाद, 24 सितम्बर। भारत सरकार के भारी उद्योग और ऊर्जा विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि दिव्यांगजनों को मोदी सरकार द्वारा मुख्यधारा में जोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर आज रविवार को भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण कंपनी, नवादा सेक्टर- 110 ए, में भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की एडिप एवं वयोश्री योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक हेतु जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा एलिम्को की भागीदारी के साथ दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर वहां उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
केद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि दिव्यांगजनों और वयोश्री को भारत सरकार की योजनाओं के तहत आपको आपकी जरुरत के हिसाब से निःशुल्क उपकरण देने का कार्यक्रम आज यहाँ आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली है तबसे दिव्यांगों के लिए अनेक योजनाएं मोदी सरकार ने बनाई है और दिव्यांगजन हमारे समाज का बहुत महत्वपूर्ण अंग है। इनको किसी की दया की जरुरत नहीं होती। इनको जरुरत होती है तो सिर्फ प्यार से की जाने वाली सहायता की।


