फरीदाबाद। फरीदाबाद के सूरजकुंड में 15 फरवरी तक चलने वाले 39 वें अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में शिल्प देश विदेश से आये हजारों कारीगरों की कला व संस्कृति का संगम देखने को मिल रहा है। सूरजकुंड का यह मेला न केवल संस्कृति, हस्तशिल्प और स्वाद के रंगों से सराबोर हो रहा है, बल्कि यहां प्रतिदिन मशहूर कलाकारों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे है। इसी कड़ी में सास्कृतिक संध्या में रविवार को महा स्टेज पर पंजाब के विख्यात गायक गुरदास मान अपनी आवाज का जलवा बिखेरेंगे। वही सोमवार को पद्मश्री गायक कैलाश खेर अपने बैंड के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्घ करेंगें
पंजाबी सिंगर गुरदास मान आज बिखेरेंगे पंजाबी मां बोली का जलवा :
सूरजकुंड मेले में रविवार को प्रसिद्ध पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरदास मान अपनी सुरीली आवाज और लोकधुनों के साथ पंजाबी मां बोली का जलवा बिखेरंगे। पंजाबी गायक गुरदास मान रविवार 8 फरवरी को सूरजकुंड में महा स्टेज पर अपनी लोकप्रिय रचनाओं के जरिए श्रोताओं को पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। इस भव्य सांस्कृतिक शाम में बड़ी संख्या में दर्शक संगीत, परंपरा और उत्सव के अनूठे संगम का आनंद लेंगे।
सांस्कृतिक संध्या में 15 फरवरी तक मुख्य व महा स्टेज पर इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति :
सूरजकुंड मेला न केवल हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं का संगम बन रहा है, बल्कि यह देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। सांस्कृतिक संध्या में आठ फरवरी को जादूगर सीपी यादव मुख्य चौपाल पर अपने जलवे दिखाएंगे और शाम को महा स्टेज पर पंजाबी गायक गुरदास मान का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा नौ फरवरी को मुख्य चौपाल पर कशिश मित्तल शास्त्रीय संगीत का तडक़ा लगाएंगे वहीं इसी दिन महा स्टेज पर पद्म श्री से सम्मानित बॉलिवुड गायक कैलाश खेर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की इस श्रृंखला में 10 फरवरी को मुख्य चौपाल पर हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा तथा 11 फरवरी को मुख्य चौपाल पर कथक नृत्यांगना अनु सिन्हा नृत्य प्रस्तुत करेंगी वहीं इसी दिन शाम को मुख्य चौपाल पर डेजर्ट सिम्फनी लोक कलाकारों का समूह मेले के खूबसूरती को चार गुना करेंगे, 12 फरवरी को पंजाबी गायक अशोक मस्ती, 13 फरवरी को अभिनेता व गायक अनुज शर्मा, 14 फरवरी को शायरी एवं स्टैंड-अप कॉमेडी व 15 फरवरी को पंडित सुभाष घोष की शास्त्रीय फ्यूजन बैंड प्रस्तुति तथा लोक नृतक एवं रंगमंच संजय शर्मा का कार्यक्रम होगा।


