फरीदाबाद । मानव रचना विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ साइंसेज एवं इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल द्वारा 27 फरवरी 2026 को एमआरयू परिसर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार तथा समकालीन वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता (डीन), प्रोफेसर (डॉ.) ज्योत्सना पंडित के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय की प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर (डॉ.) संगीता बंगा ने आधुनिक भारत में विज्ञान एवं नवाचार की आवश्यकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए और विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) दीपेंद्र कुमार झा ने अपने संबोधन में नवाचार, जिज्ञासा और वैज्ञानिक चेतना के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि आज के युवा वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत “सस्टेनेबिलिटी और विज्ञान” विषय पर आधारित एक्सटेम्पोर, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग तथा विज्ञान परियोजना प्रस्तुति जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 14 शैक्षणिक संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह तथा इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल की निदेशक डॉ. परिनीता धालीवाल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


