फरीदाबाद । हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर ने आज फरीदाबाद मेयर कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। जिसमें महापौर प्रवीण जोशी, निगम आयुक्त धीरेंद्र खडगटा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री राजेश नागर ने बैठक में तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह आपसी समन्वय द्वारा रुके हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें।मंत्री राजेश नागर ने सीवर, सड़कों और गलियों के निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल सकें।
मंत्री राजेश नागर ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की निगरानी के लिए पार्षदों और अधिकारियों की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाए, जो क्षेत्र में चल रहे कार्यों पर नियमित रूप से नजर रखेगी और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर और अधिकारियों पर भी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही तिगांव विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में होने वाले कार्यों के टेंडर लगा दिए जाएंगे और जल्द ही विकास कार्य शुरू होंगे,जबकि कुछ चले हुए विकास कार्य को तेज गति देने का कार्य किया जाएगा।
बैठक में वार्ड नंबर 26 में मेन सीवर लाइन से कॉलोनियों के कनेक्शन जोड़ने, मेन लाइन को चालू करने तथा सीवर लाइन की सफाई कर उसे दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम की तरफ से क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। वह सभी पार्षदों से समय-समय पर सुझाव लेती रहती हैं और कार्य को हमेशा तेज गति के साथ समय सीमा में करने के लिए अधिकारियों को निर्देश देती रही हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि निगम की तरफ से तिगांव विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार के कार्यों में कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी ।
वहीं निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वह अपने-अपने वार्ड में चल रहे कार्यों को समय सीमा में पूरा करें अन्यथा उचित कार्यवाही की जाएगी।
इस बैठक में ग्रेटर फरीदाबाद जोन के जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया, भाजपा नेता सुधीर नागर, पार्षद वार्ड 27 शीशराम अवाना, पार्षद वार्ड 26 लालजी मिश्रा, वार्ड 25 पार्षद सुमंत चंदेल, पार्षद वार्ड 44 प्रदीप टोंगर, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अमित भारद्वाज, अजय भड़ाना, कुलदीप गुप्ता, बिजेंदर शर्मा, लोकेश बैंसला, बासुदेव भारद्वाज, भूपेंद्र शर्मा, मुख्य अभियंता विवेक गिल, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह सहित कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई मौजूद रहे।


