गुरु द्रोणाचार्य किड्स किंगडम स्कूल, मेवला महाराजपुर एवं सेक्टर 28, फरीदाबाद में प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन।
फरीदाबाद: महान क्रांतिकारी, जलियांवाला बाग हत्याकांड के प्रतिशोध स्वरूप जनरल डायर का अंत करने वाले अमर शहीद उधम सिंह की पुण्यतिथि पर आज भगत श्री मेवाराम मेमोरियल ट्रस्ट एवं जय सेवा फाउंडेशन फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में गुरु द्रोणाचार्य किड्स किंगडम स्कूल, मेवला महाराजपुर एवं सेक्टर 28, फरीदाबाद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की गई और उन्हें उनके बलिदान की गाथा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मंडल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने बच्चों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह भारत के उन वीर सपूतों में से थे, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि उधम सिंह ने अपने प्रबल साहस का परिचय देते हुए लंदन में जाकर जनरल डायर को गोली मारी और भारतवासियों को न्याय दिलाने का कार्य किया। यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर जय सेवा फाउंडेशन के संस्थापक विमल खंडेलवाल ने कहा कि उधम सिंह जैसे महापुरुषों ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्चा राष्ट्रप्रेम किसी सुविधा या समृद्धि का मोहताज नहीं होता। अत्यंत साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने भारत माता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। विमल खंडेलवाल ने कहा कि हमें उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करते रहना चाहिए। स्वतंत्रता हमें सहज नहीं मिली, यह असंख्य बलिदानों की कीमत पर प्राप्त हुई है, जिसे हमें सदा स्मरण रखना चाहिए।
कार्यक्रम में चौधरी महेंद्र सिंह, सागर वाधवा, प्रधानाचार्य नीरज सिंह, प्रधानाचार्य पूनम सिद्धू, ज्योति, अंशु चौधरी, प्रीति, उषा अधाना, लक्ष्मी वाधवा सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में इन सभी लोगों का विशेष सहयोग और योगदान रहा, जिन्होंने आयोजन को एक प्रेरणास्पद और संस्मरणीय रूप प्रदान किया।


