फरीदाबाद। बाटा पुल का एक साइड बंद होने से पहले कार्यदिवस पर लोग जाम से जूझते हुए नजर आए। बाटा पुल पर एक साइड को नई सडक़ बनाने के लिए बंद कर दिया गया है। इस पुल से तीन विधासनभा (एनआईटी, बडखल व बल्लभगढ़)क्षेत्र में रहने वाले प्रतिदिन 50 हजार लोग गुजरते हैं। पुल की एक साइड बंद होने से नीलम पुल और ओल्ड अंडरपास पर दबाव बढ़ गया है। एनआईटी के लोग नेशनल हाइवे पर जाने के लिए इन्हीं रास्तों का प्रयोग करते हैं। पीडब्ल्यूडी के अनुसार तारकोल की परत बिछाने में 15 दिन का समय लगेगा। सोमवार को सुबह से ही नीलम पुल पर वाहन रेंगकर चलते हुए नजर आए।
इसके साथ ही नीलम और बीके चौक पर भी जमा लगा रहा। लोगों को जाम से निकालने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। गौरतलब है कि बाटा रेलवे फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू किया गया है। इस कारण 28 मार्च से 11 अप्रैल तक इस फ्लाईओवर को आंशिक रूप से बंद रखा जाएगा। फ्लाईओवर की हालत को सुधारने के लिए यह रिपेयरिंग जरूरी बताई गई है। ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी की है और वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। साथ ही रूट डायवर्जन का एक मैप भी जारी किया गया है ताकि वाहन ड्राइवरों को आने-जाने में ज्यादा परेशानी न हो।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम दो चरणों में किया जाएगा और हर चरण करीब 7 दिन का होगा। पहले चरण में हार्डवेयर चौक से बाटा चौक की ओर जाने वाले रास्ते को बंद किया जाएगा। इस दौरान इस हिस्से में मरम्मत का काम किया जाएगा। करीब एक सप्ताह में काम पूरा होने के बाद इस रास्ते को फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का काम शुरू किया जाएगा। दूसरे चरण में मथुरा हाईवे से हार्डवेयर चौक की ओर जाने वाले मार्ग को बंद किया जाएगा। इस दौरान पहले चरण में तैयार हो चुके रास्ते पर दोनों दिशाओं का ट्रैफिक चलाया जाएगा। दूसरे चरण में बाटा चौक से हार्डवेयर चौक की ओर जाने वाले रास्ते की मरम्मत की जाएगी।


