फरीदाबाद /पर्यावरण संरक्षण और मातृसम्मान को समर्पित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मारवाड़ी युवा मंच फरीदाबाद, जय सेवा फाउंडेशन, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी एवं हरियाणा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में, विक्टोरिया लाइफ फाउंडेशन के विशेष सहयोग से एक भव्य ट्री प्लांटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सूरजकुंड होटल राजहंस के सामने स्थित हरियाणा पर्यटन परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नीम, पीपल, जामुन और बरगद जैसे सैकड़ों पौधे लगाए गए, जिन्हें प्रतिभागियों ने अपनी मां के नाम समर्पित कर मातृसम्मान और प्रकृति प्रेम का अनूठा संदेश दिया।
मुख्य अतिथि हरविंदर यादव एजीएम ने बताया की “एक पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि जीवन के अस्तित्व और मां के स्नेह का आधार है। जिस प्रकार मां हमें जन्म देती है, उसी तरह पेड़ हमें सांस, छाया और जीवन प्रदान करते हैं।”
विशिष्ट अतिथि राजपाल एजीएम ने अपने विचार रखते हुए कहा वृक्ष हमारे मूक रक्षक हैं। जैसे मां निस्वार्थ भाव से अपनी संतान का लालन-पालन करती है, वैसे ही पेड़ हमें बिना किसी स्वार्थ के ऑक्सीजन, फल और छाया देते हैं।”
विशिष्ट अतिथि मंडल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने कहा “बच्चों और युवाओं को प्रकृति से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। यदि पौधारोपण को जीवनशैली का हिस्सा बना लिया जाए, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण छोड़ सकते हैं।”
जिला रेड क्रॉस सचिव विजेंद्र सोरोत ने बताया कि पौधारोपण एक सतत जिम्मेदारी है। जिस तरह मां की देखभाल जीवनभर की जिम्मेदारी होती है, उसी तरह पौधों को लगाना और उनकी देखभाल करना भी हमारा कर्तव्य है।”
दिल्ली प्रांतीय अध्यक्ष, मारवाड़ी युवा मंच विमल खंडेलवाल ने बताया कि “मंच हमेशा से सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों में अग्रणी रहा है। नीम, पीपल, जामुन, बरगद जैसे वृक्ष पर्यावरण संतुलन के लिए अमूल्य हैं, और इस बार उन्हें मां के नाम पर समर्पित करना बेहद प्रेरणादायक है।”
शाखा अध्यक्ष, फरीदाबाद प्रवीण कुमार ने कहा आज लगाया गया हर पौधा आने वाले दशकों तक इस क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देगा। ये पौधे भविष्य में मां के आशीर्वाद की तरह हर किसी को जीवन देंगे।” पुरुषोत्तम सैनी ने कहा आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में हरित धरोहर बनेंगे। मां के नाम पर लगाए गए ये पौधे प्रेम, संरक्षण और सेवा का जीवंत प्रतीक होंगे।
विक्टोरिया लाइफ फाउंडेशन के सीएसआर हेड सरोज ने बताया कि हम सभी को मिलकर ज्यादा मिलकर पौधारोपण करना चाहिए।
कार्यक्रम में मधुसूदन माटोलिया, संजय गोयल (पूर्व अध्यक्ष), नारायण शर्मा, जीतू शर्मा, कपिल माहेश्वरी, शुभम माटोलिया, प्रवीण अग्रवाल, राजीव सिंगला, प्रतिभा तिवारी, अमित कुमार, समाजसेवी जसवंत सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और युवा साथी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य मिल सके।


