नगर निगम प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली से परेशान वॉर्ड नंबर 5 पर्वतिया कॉलोनी के लोगों ने निगम प्रशासन की शवयात्रा निकाली और मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि आश्वासन के बाद भी निगम प्रशासन उनकी कॉलोनी में नई सीवर लाइन डालने का काम शुरू नहीं किया है। लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हो गए हैं। यहां तक कि अब कई लोगों ने मकान बेचकर दूसरी जगह जाने को तैयार हैं।
बता दें कि वॉर्ड नंबर 5 स्थित पर्वतिया कॉलोनी के गली नंबर 74,75,76,77,78 और 79 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या काफी ज्यादा है। सीवर का गंदा पानी इस कदर ओवरफ्लो हो रहा है कि लोग पैदल भी नहीं चल सकते हैं। 13 फरवरी को
एक दुल्हन कामिनी ने सीएम को ट्वीट किया था कि गली में सीवर का पानी भरा है। ऐसे में उसकी बारात कैसे आएगी। इस ट्वीट के बाद नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और समाधान निकाला। उस दौरान चीफ इंजीनियर रामजी लाल ने वादा किया था कि 17 फरवरी के बाद 43 लाख रुपए की लागत से नहीं सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा लेकिन अभी तक सीवर लाइन डालने का कार्य नहीं किया गया है।
इस लापरवाही के विरोध में कॉलोनी के लोगों ने निगम प्रशासन की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा कॉलोनी से शुरू होकर हार्ड वेयर चौक से होते हुए बीके चौक पहुंचा और निगम के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी निगम मूुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। एक्सईएन ओपी कर्दम के आश्वासन के बाद लोग अपने घरों को लौटने के लिए तैयार हुए। विरोध प्रदर्शन् में सौरभ त्यागी, राम सिंह यादव, सोनू बामल, मनदीप, भरत जोशी, करण आदि शामिल थे।