फरीदाबाद, 01 दिसम्बर। तिगांव के विधायक राजेश नागर ने कहा कि देश सहित प्रदेश भर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा में हर भारतीय नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो।
विधायक राजेश नागर ने शुक्रवार को गांव मंझावली में विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्य शिरकत करते हुए कहा कि सरकार अन्त्योदय योजना के तहत गरीब परिवारों का आर्थिक उत्थान करने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब परिवारों को चिन्हित कर सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश का ऐसा कोई प्रधानमंत्री है, जिसने भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है।
वर्ष 2047 को जब देश को आजाद हुए 100 वर्ष हो जाएंगे तो भारत देश भी विकसित राष्ट्र की सूची में शामिल होगा। इसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने उपस्थित सभी लोगो को विकसित भारत बनाने की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने कहा कि हमारे लिये सौभाग्य की बात है कि सरकार आपके द्वार आकर वहां पर विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से क्रियान्वित योजनाओं के बारे लोगों को जानकारी उपलब्ध करवा रही है।
विधायक राजेश नागर ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य है कि जो भी व्यक्ति इन योजनाओं से सम्बन्ध रखता है, उन्हें योजना का लाभ यदि किसी कारणवश नहीं मिला है, तो उनका मौके पर ही फार्म भरवाकर उन्हें योजना का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करवाना है।

