फरीदाबाद। धौज और फतेहपुर तगा से भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट मिलने तथा दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। फरीदाबाद पुलिस के 800 कर्मचारी थाना धौज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाए हुए है। उधर सेक्टर-56 क्षेत्र से बरामद की गई विस्फोटक सामग्री को लेकर जिला पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने स्पष्ट किया है कि यह सामग्री शादी विवाह में चलने वाले पटाखे व उसका रॉ मैटेरियल है। इसका आतंकवादी गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र गुप्ता का कहना है कि शहर की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ राजमार्ग पर जगह-जगह तैनात किया है। सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी शहर में सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
होटल, गेस्ट हाउस, पब्लिक ट्रांसपोर्ट सहित भीड़भाड़ वाली जगह पर सघन तलाशी अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। ऐसे समय में किसी भी तरह की पुलिसकर्मियों और आधिकारिक स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता ने सभी संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस को अपने-अपने क्षेत्र में नाके लगा कर चेकिंग करने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा क्राइम ब्रांच को भी होटल-गेस्ट हाउस में जांच करने को कहा गया है। दिल्ली जाने वाले वाहनों की बदरपुर बॉर्डर पर पुलिस ने नाकेबंदी करके जांच शुरू कर दी है।
यहां से निकले वाली सभी गाडिय़ों की जांच की जा रही है। इनमें प्रमुख रूप से उन वाहनों की जांच की जा रही है, जिन पर दूसरे प्रदेशों की नंबर प्लेट लगी हुई है। निर्देश आने के बाद पुलिसकर्मियों ने सभी जगहों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिले की सीमा गुरुग्राम, दिल्ली और यूपी से ही लगती हैं। ऐसे में संदिग्धों के फरीदाबाद में छुपने होने की आशंका भी हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त ने सघन तलाशी के आदेश दिए हैं। रेलवे पुलिस ने रात को ही रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशनों पर भी जांच कड़ी नजर आई। वहीं जानकारी मिली है कि मंगलवार को अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पुलिस ने रेड की। यूनिवर्सिटी के अंदर और बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात कर घेरा डाला गया। इसके बाद एनआईए की टीम भी यहां पहुंची। करीब डेढ़ घंटे चली रेड के बाद टीमें लौट गईं लेकिन पुलिस की अभी भी वहां तैनाती है। यूनिवर्सिटी की लैब में काम करने वाले तीन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस द्वारा अभी नहीं की गई है।


