फरीदाबाद। जिले में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) की परीक्षा को लेकर फरीदाबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दो दिन और चार शिफ्टों में आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर लगातार बैठकों का दौर जारी है। प्रशासन की ओर से परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
फरीदाबाद के अतिरिक्त उपायुक्त सतवीर मान ने जानकारी देते हुए बताया कि सीईटी परीक्षा में फरीदाबाद जिले के अलावा गुरुग्राम, नूंह, पलवल और रेवाड़ी जैसे अन्य जिलों से भी परीक्षार्थी शामिल होंगे। अनुमान है कि करीब 40 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने फरीदाबाद पहुंचेंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर धारा 163 लागू की जाएगी, जिससे कोई भी अवांछित गतिविधि न हो सके।
एडीसी ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। वहीं बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की जा रही है।
परीक्षा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती रहेगी और केंद्रों के आस-पास यातायात नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए जाएंगे। एडीसी सतवीर मान ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और किसी भी अफवाह या गड़बड़ी से बचें। उन्होंने कहा कि सीईटी परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


