पुणे के सरकारी स्वारगेट बस डिपो में खड़ी बस में 25 फरवरी को 26 साल की महिला के साथ रेप हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 13 टीमें बनाई हैं। उस पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।
इधर, पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी दत्तात्रेय रामदास गडे अपने गांव में छिपा हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक पुणे से वह सब्जी ले जा रहे ट्रक में छिपकर अपने गांव भाग गया। घर पहुंचकर उसने अपने कपड़े और जूते बदले। इसके बाद वह घर से भी निकल गया।
सूत्रों के मुताबिक वह गांव में ही गन्ने के खेतों में छिपा हो सकता है। पुलिस ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश कर रही है। गन्ने की फसल 10 फीट ऊंची और उसके झाड़ घने हैं, इसलिए पुलिस खेतों के अंदर खुद जाकर सर्च कर पाने की स्थिति में नहीं है।
असिस्टेंट ट्रांसपोर्ट सुपरिटेंडेंट, डिपो मैनेजर के खिलाफ जांच के आदेश
उधर, घटना के बाद महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर प्रताप सरनाइक ने असिस्टेंट ट्रांसपोर्ट सुपरिटेंडेंट और बस डिपो मैनेजर के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर इन्हें सस्पेंड किया जाएगा। उन्होंने बस डिपो पर तैनात पुराने सुरक्षाकर्मियों को हटाने का भी निर्देश दिया।
पुणे सिटी पुलिस ने कहा कि क्राइम ब्रांच यूनिट की 8 टीमें और स्वारगेट पुलिस स्टेशन की 5 टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं। टीमों को जिले से बाहर भी भेजा गया है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकनकर ने कहा- घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस ने शिकायत पर फौरन कार्रवाई की है। आरोपी दो-तीन दिनों में पकड़ा जाएगा।
आरोपी बोला- दीदी कहां जा रही हो
पुणे की डिप्टी कमिश्नर स्मार्तना पाटिल के मुताबिक 26 साल की महिला घरों में काम करती है। वह अपने गांव जाने के लिए 25 फरवरी सुबह 5 बजे के आसपास बस का इंतजार कर रही थी। आरोपी ने उसे दीदी कहकर पूछा कि कहां जा रही हो? पीड़ित ने बताया कि मुझे अपने गांव जाना है।
इसके बाद उसने उसे कहा कि आपकी बस दूसरी जगह खड़ी है। चलो मैं छोड़ देता हूं। पीड़ित बोली- नहीं बस यहीं पर आती है। इस पर आरोपी ने बोला मैं 10 साल से यहां हूं, चलो मैं छोड़ देता हूं। महिला मान गई और उसके साथ बस पार्किंग एरिया की ओर चली गई।
युवक उसे शिवशाही बस की ओर इशारा करते हुए अंदर जाने को कहा। बस में रोशनी नहीं थी। इस पर महिला ने झिझकते हुए युवक से पूछा कि – लाइट नहीं जल रही है। युवक ने उससे कहा कि अन्य यात्री सो रहे हैं, इसलिए अंधेरा है। जैसे ही वह बस में चढ़ी आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ रेप किया।


