फरीदाबाद । हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जिला फरीदाबाद में 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। सर्व प्रथम स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सेक्टर-12 वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगी। इसके पश्चात सेक्टर-12 हेलीपैड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराएंगी। तिरंगा फहराने के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव द्वारा आमजन को सम्बोधित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के संबोधन के बाद मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही उप-मंडल स्तरीय कार्यक्रम में एनआईटी 01 स्थित दशहरा ग्राउंड में बड़खल विधायक धनेश अदलखा व बल्लभगढ़ स्थित दशहरा ग्राउंड में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा तिरंगा फहराएंगे।
77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनजर सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड मैदान आज पुलिस विभाग, होम गार्ड, एनसीसी बॉयज एंड गर्ल्स, हिंदुस्तान स्काउट्स, भारत स्काउट्स, भारत गाइड, प्रजातंत्र के प्रहरी, एनसीसी जूनियर आर्मी, एनसीसी जूनियर नेवी बॉयज एंड गर्ल्स, सेंट जोन ब्रिगेड, एनएसएस ब्रिगेड और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मार्च पास्ट की रिहर्सल की गयी।


