फरीदाबाद, 14 अगस्त। सेक्टर 88 स्थित मदर्स प्राइड स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक राजेश नागर ने झंडारोहण किया और सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपने तिरंगा झंडा को देखकर आजादी का अहसास बढ़ जाता है। नागर ने स्कूल परिसर में लगे तिरंगा झंडा को फहराया।
उन्होंने कहा कि बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली आजादी को हम सबको मिलकर न केवल अक्षुण्ण रखना है बल्कि देश का दुनिया का सिरमौर भी बनाना है। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व के पल हैं कि जब हम देश की आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है जिसे हम सभी को मिलकर पूरा करना है।
उन्होंने यहां प्रबंधन के साथ पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल नेहा साहनी, संस्थापक मनमोहन साहनी ने भी आजादी के बारे में अपने विचार रखे। इससे पहले उन्होंने यहां पहुंचने पर मुख्य अतिथि राजेश नागर का जोरदार स्वागत किया और स्कूल में चल रही गतिविधियों से परिचित करवाया। इस अवसर पर स्कूल परिसर को तिरंगे झंडों और रंगीन गुब्बारों से सजाया गया था।

