फरीदाबाद, 06 अक्टूबर। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने लॉजिस्टिक्स, ई- व्हीकल, ऑटो मोबाइल्स और गारमेंट्स के क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण करार किए हैं। इन चार बड़ी कंपनियों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ऑन द जॉब ट्रेनिंग करेंगे और साथ ही उनके लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मामलों में मुख्यमंत्री के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) जे एस नैन और श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज नेहरू की उपस्थिति में कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने इन चारों कंपनियों के अधिकारियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय उत्तर भारत की सबसे बड़ी लॉजिस्टिक्स स्किल एकेडमी स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय ने स्काई वेज ग्रुप के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। स्काई वेज ग्रुप के एमडी यशपाल शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए और उनके साथ माय लॉजिस्टिक्स गुरुकुल की सीईओ अल्पना चतुर्वेदी भी उपस्थित थीं।


