फरीदाबाद। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि कौशल प्रदान करने का अभियान हमारे लिए राष्ट्रीय दायित्व है। प्रथम कौशल विश्वविद्यायल का यह देश हित में पुनीत संकल्प है। वे बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय का प्रोस्पेक्टस लॉन्च करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रोस्पेक्टस लांच किया। इस बार श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने कुल 42 कोर्स के लिए दाखिला फार्म खोले हैं। 15 मई से पंजीकरण शुरू होंगे।
ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को कौशल के साथ जोडऩे के उद्देश्य से दसवीं के बाद भी डिप्लोमा और डी. वॉक कोर्स शुरू किए गए हैं। इस सत्र में विद्यार्थियों को अर्न वाइल लर्न और ऑन द जॉब ट्रेनिंग के साथ और अधिक प्रभावी तरीके से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। विद्यार्थी पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकेंगे। इसी सत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस सिमुलेटर लैब, सोलर लैब और इलेक्ट्रिक लैब शुरू होंगी। जर्मन, जापानी और अंग्रेजी सहित कई भाषाई कोर्स आकर्षण होंगे। कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस साल विश्व स्तरीय खेल परिसर भी शुरू हो जाएगा।