फरीदाबाद। यमुना नदी में नहाने के दौरान एक निजी कॉलेज की बस के कंडक्टर की डूबने से मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर की है जब तेज बहाव के चलते यह हादसा हुआ। यमुना का जलस्तर इन दिनों सामान्य से अधिक है और बहाव भी तेज है, इसके बावजूद लोग नदी में नहाने और सैर-सपाटे के लिए पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी निवासी राहुल नामक व्यक्ति एक निजी कॉलेज की बस चलाता है, जबकि उत्तर प्रदेश के जेवर निवासी सतीश भारद्वाज उस बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। सोमवार को दोनों मंझावली पुल के पास यमुना नदी किनारे घूमने गए थे। राहुल पहले नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन जब वह दिखाई नहीं दिया तो सतीश उसे ढूंढने के लिए पानी में कूद पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने समय रहते राहुल को डूबने से बचा लिया, लेकिन सतीश गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम और गोताखोरों की मदद से सतीश का शव यमुना से बाहर निकाला।
थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि शव को बादशाह खान अस्पताल भिजवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि ऐसे मौसम में यमुना जैसे तेज बहाव वाली नदियों के पास जाने से बचें।


