फरीदाबाद, 15 जून। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से सम्बन्धित विभागीय यूनियन/एसोसिएशनो के सैकड़ो कर्मचारियो ने जिला प्रधान करतार सिंह जागलान, सचिव युद्धवीर खत्री,वरिष्ठ उपप्रधान बलबीर बालगुहेर, कोषाध्यक्ष मास्टर भीम सिंह, प्रैस सचिव राजबेल देशवाल के नेतृत्व मे ब्लॉक स्तर पर रोष प्रदर्शन कर एसडीएम व तहसीलदार को ज्ञापन दिए। इनके साथ तिगांव ब्लॉक मे देवी सिंह ब्लॉक प्रधान, सचिव मनोज बालगुहेर, बड़खल के ब्लॉक प्रधान अनूप बाल्मिक, फरीदाबाद मे देवेंद्र त्यागी,बल्लभगढ मे रामकेश सहारण उपस्थित थे।
प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि नियमित और स्थायी प्रकृति के पदों पर कच्चे अनुबंध कर्मचारी रखने के कौशल रोजगार निगम के प्रावधान के कुछ समय बाद अब पदोन्नति कोटे के पदों को भी कौशल रोजगार में बदलने अथवा खाली रखते हुए समाप्त करने के लक्ष्य से नियमों में बदलाव करने कुचेष्टा के खिलाफ कर्मचारियों में रोष पनप रहा है। हरियाणा सरकार ए, बी, सी ग्रुप में कर्मचारियों की पदोन्नति को रोकने के लिए नयी बाड़ेबंदी करने की कोशिश कर रही है। यह कोशिश उन नियमों को नजरअंदाज करके की जा रही है जिनके तहत कर्मचारी की नियुक्ति हुई थी।

