फरीदाबाद, 5 जून। संत कबीर दास एक महान कवि तथा समाज सुधारक थे। उनकी रचनाएँ जीवन व समाज को सुधारने को समर्पित थी।उनकी रचनाएं युगों तक मानव कल्याण का रास्ता दिखाती रहेंगी। संत कबीर दास भक्ति काल के महान संत थे। कबीरदास जी को कर्म प्रधान कवि भी कहा गया है। हिंदी साहित्य में उनका अहम योगदान रहा है। केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-16 स्थित अनाज मंडी में संत कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित वंचित वर्ग कल्याण समारोह में शिरकत कर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए यह कहा। समारोह में फरीदाबाद विधायक नरेंद्र गुप्ता व होडल विधायक जगदीश नायर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कबीर की रचनाएँ बहुत खूबसूरत और सजीव हैं जिनमें समाज की झलकियों को दर्शाया गया है।
उनका संदेश सीधा और स्पष्ट होता था। उनके संदेश पहले भी उतने ही प्रासंगिक थे तथा आज भी और भविष्य में भी प्रासंगिक रहेंगे। संत कबीर दास कवि होने के साथ समाज कल्याण और समाज हित के कार्यों में भी व्यस्त रहते थे। उनकी इसी उदारता के लिए उन्हें संत की उपाधि भी दी गई है।

