फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने शनिवार आज सेंट्रल पार्क सेक्टर-28 में नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आयोजित शीतकालीन फूल वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ पूर्व मंत्री और बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने नगर निगम द्वारा आरंभ किए गए महत्त्वपूर्ण स्ट्रीट ब्यूटीफुल अभियान की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह पहल शहर को स्वच्छ, आकर्षक और पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक सुदृढ़ कदम है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम ने विभिन्न प्रजातियों के फूलों वाले पौधों की बड़े पैमाने पर तैयारी और वितरण का कार्य प्रारंभ किया है। करोड़ों की संख्या में उपलब्ध इन पुष्पीय पौधों को न केवल नागरिकों में बांटा जा रहा है, बल्कि नगर निगम द्वारा शहर के पार्कों, हरित पट्टियों और प्रमुख चौराहों पर इनके रोपण का कार्य भी व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है।
राज्य मंत्री गुर्जर ने कहा कि शहर का सौंदर्य तभी पूर्ण होता है जब सार्वजनिक स्थल उतने ही जीवंत और सजीव दिखाई दें, जितने हमारे अपने घर दिखते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज फूलों की अत्यंत विविध प्रजातियाँ उपलब्ध हैं-ऐसी प्रजातियां जो खिलने पर किसी भी स्थान के वातावरण को सौम्यता और रंगीन जीवन से भर देती हैं। इन पौधों से न केवल घरों और संस्थानों का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि पार्कों और सड़कों के किनारे भी एक स्वागत योग्य व सुखद वातावरण निर्मित होगा।
एमसीएफ एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा इस माह हरित अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत करोड़ों की संख्या में तैयार किए गए फूलों वाले पौधों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। ये पौधे नगर निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा एवं विभिन्न नर्सरियों के सहयोग से तैयार किए गए हैं। अब तक लगभग 50 लाख पौधों का वितरण किया जा चुका है। इस अवसर पर पार्षद गण, आरडब्ल्यूए के प्रेसिडेंट्स और एनजीओ से आए हुए कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।


