फरीदाबाद, 11 जुलाई । डीएवी शताब्दी महाविद्यालय फरीदाबाद के प्रांगण में भारतीय शिक्षण मंडल के सहयोग से व्यास पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आधुनिक समय में छात्रों में गुरुओं के प्रति सम्मान एवं आदर का भाव विकसित करने के उद्देश्य से गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महर्षि वेदव्यास के पूजन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय शिक्षण मंडल से अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री श्री सुनील शर्मा जी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रों को प्राचीन काल में परिलक्षित गुरु एवं शिष्य संबंधों की गरिमा एवं गुरु की महिमा का विस्तार से व्याख्यान किया। उन्होंने छात्रों को आधुनिकता एवं भौतिकवादिता के युग में किस प्रकार अपने शिक्षकों का सम्मान एवं आदर करना चाहिए इसके बारे में अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने प्राचीनकाल काल के महान गुरुओं एवं शिष्यों का उदाहरण देते हुए छात्रों को उनका अनुकरण करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉक्टर सविता भगत ने भारतीय शिक्षण मंडल का धन्यवाद करते हुए गुरु पूर्णिमा की महत्ता का व्याख्यान किया।

