
फरीदाबाद: 27 जुलाई 2025 को फरीदाबाद के सेक्टर 37 स्थित इस्कॉन मंदिर के हज़ारों भक्त सिनेमा हॉलों में एकत्रित हुए, जहाँ उन्होंने बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फ़िल्म महावतार नरसिंह का दिव्य अनुभव किया। यह फ़िल्म फरीदाबाद निवासी निर्देशक अश्वनी कुमार और उनकी पत्नी व निर्माता शिल्पा धवन की सात वर्षों की तपस्या का फल है।
फ़िल्म के बारे में
महावतार नरसिंह एक थ्री-डी एनिमेटेड फ़िल्म है, जो भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह की कथा को दर्शाती है — जो अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा हेतु प्रकट होते हैं और अत्याचारी हिरण्यकश्यप का संहार करते हैं।

प्रेरणा
निर्देशक अश्वनी कुमार ने इस फ़िल्म के पीछे की सबसे बड़ी प्रेरणा इस्कॉन के संस्थापक-आचार्य श्रील प्रभुपाद को बताया। उन्होंने कहा, “मैं यह फ़िल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक समर्पण के रूप में आप सभी को अर्पित करता हूँ।” फ़िल्म में फरीदाबाद के कई प्रतिभाशाली कलाकारों — मंजीत धवन, सुभाष धवन, साहिल धवन और अन्य — का योगदान रहा है।
मंदिर अध्यक्ष का संदेश
इस्कॉन सेक्टर 37 फरीदाबाद के मंदिर अध्यक्ष गोपीश्वर दास ने सभी को फ़िल्म देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “यह फ़िल्म अन्य फ़िल्मों से अलग है — यह न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि आज के तनावपूर्ण और नैतिक पतन से भरे समय में आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देती है।”


