फरीदाबाद, 28 दिसम्बर। केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को लेकर निकाली जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा से प्रतिदिन प्रदेश के हजारों लोग जुड़ रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इस यात्रा को जनसंवाद के साथ जोड़ कर एक अनूठा रूप दिया है जिससे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान न केवल विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही बल्कि पात्र नागरिकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
इसके अलावा लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर आज वीरवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद के तहत फरीदाबाद की स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी के कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के पूरे प्रदेश में आज तक हजारों की संख्या में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। यात्रा के दौरान आज तक पूरे प्रदेश में 25 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान आज तक 4 लाख से ज्यादा लोगों ने हेल्थ कैंपों में पहुंचे और अपनी स्वास्थ्य संबंधी स्क्रीनिंग करवाई। 3 लाख से अधिक लोगों की टीबी की स्क्रीनिंग की गई।
यात्रा के दौरान 5 लाख से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड व 5956 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये गए। आयुष्मान चिरायु योजना के तहत एक लाख 28 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। 22531 स्वामित्व कार्ड बांटे गए। हजारों की संख्या में लोगों ने पीएम स्वनिधि योजना के लिए जानकारी ली।

