फरीदाबाद। स्टॉक मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर 2.02 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना सेंट्रल में दर्ज शिकायत के अनुसार सेक्टर-88 के एक व्यक्ति को फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश का लिंक मिला। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसे एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया।
वहीं ग्रुप में दावा किया गया कि निवेश की गई राशि जल्द ही दोगुनी हो जाएगी। पीड़ित को बाद में दो और वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया और एक ऐप पर अकाउंट खोला गया। आरोपियों ने एक संस्था के नाम से करंट अकाउंट भेजकर 4.46 लाख रुपए निवेश करने को कहा। धीरे-धीरे ठगों ने पीड़ित से कुल 2.02 करोड़ रुपए ऐंठ लिए।
पुलिस ने कानपुर से जीसान आलम (37) और नदीम हसन (37) को गिरफ्तार किया है। वहीं जीसान का कानपुर में जनरल स्टोर है और उसने अपना बैंक खाता कमीशन के लिए नदीम को दिया था। नदीम ने यह खाता आगे अपने अन्य साथी को दिया। जीसान के खाते में ठगी के करीब 30 लाख रुपए जमा हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। मामले में पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

