फरीदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में शनिवार को सुनामी झूला गिरने से एसएचओ जगदीश प्रसाद की मौत व करीब दर्जनभर लोगों के घायल होने के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टीम ने हिमाचल फन फेयर एजेंसी के प्रोपराइटर और उसके स्टाफ पर लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज करते हुए एजेंसी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर निवासी गांव टोका नंगला जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश व नितेश निवासी धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना सूरजकुंड पुलिस ने फरीदाबाद पुलिस के एएसआई सन्नी की तरफ से हिमाचल फन फेयर एजेंसी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर पुत्र मोहम्मद रफी निवासी गांव टोका नंगला, तहसील पोंटा साहिब, जिला सिरमौर और उसके स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें फेयर ऑपरेटर मोहम्मद शाकिर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने और जानबूझकर लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप लगाया गया है, जिससे पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हुई।
सरकार की ओर से एडीसी की अध्यक्षता वाली कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी। वहीं, फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने भी मामले की जांच को लेकर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है। इसमें एसीपी वरुण दाहिया को इंचार्ज बनाया गया है जबकि फरीदाबाद क्राइम ब्रांच एनआईटी और सूरजकुंड थाना से सब इंस्पेक्टर को शामिल किया गया है। टीम द्वारा सभी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
डीसी आयुष सिन्हा व मेला एमडी पार्थ गुप्ता ने की घायलों से मुलाकात
सूरजकुंड मेला में झूला टूटने से हुए हादसे में घायल लोगों से रविवार को उपायुक्त आयुष सिन्हा व पर्यटन विभाग के एमडी पार्थ गुप्ता ने सूरजकुंड स्थित सुप्रीम अस्पताल में पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में ली जानकारी। इस हादसे में 12 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनकी स्थिति सामान्य है, जबकि पांच घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम फरीदाबाद पुलिस, महिला सिपाही शर्मिला, पुलिस लाइन फरीदाबाद, राजेश एसपीओ थाना एसजीएम नगर, हर्ष प्रकाश निवासी ग्रेटर नोएडा, प्रशांत निवासी दिल्ली, अमीषा निवासी सूर्य विहार पार्ट 2 सेक्टर 91 फरीदाबाद, परविंदर निवासी पहलादपुर नई दिल्ली, सुनील निवासी अकेड़ा थाना महेंद्रगढ़, शिवानी निवासी नोएडा 78 , बलबीर वास सुल्तानपुर, , अनुज निवासी शेरपुर कासगंज उत्तर प्रदेश(डिस्चार्ज, पूजा निवासी बहादुरपुर फरीदाबाद (डिस्चार्ज ) के नाम शामिल है। डीसी ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी घायलों का हर घंटे अपडेट लिया जा रहा है और घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वह स्वयं देर रात घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात के बाद सुबह फिर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे है। इस दौरान एडीसी सतबीर मान, डीसीपी एनआईटी मकसूद अहमद मौके पर मौजूद रहे।
इसके उपरांत डीसी आयुष सिन्हा, मेला एमडी पार्थ गुप्ता व एडीसी सतबीर मान रविवार को सूरजकुुंड मेला परिसर पहुंचे और वहां का जायजा लिया। मेले के एमडी पार्थ गुप्ता का कहना है कि प्रशासन द्वारा आठ सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो कि इस घटना की जांच करेगी और जो कमी रही, रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल मेले में झूला परिसर बंद रहेगा और बाकि मेला पहले की भांति चलता रहेगा। वहीं एडीसी सतबीर मान ने बताया कि प्रशासन द्वारा बनाई गई कमेटी हर पहलु पर जांच करेगी, फिर चाहे वह वेंडर हो या फिर टैक्रीकल, हर पहलु को ध्यान में रखा जाएगा। जल्द ही जांच रिपोर्ट समिट कर दी जाएगी। सूरजकुंड में झूला टूटने के हादसे की जांच के लिए प्रशासन ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। इस कमेटी में एडीसी सतबीर मान, डिप्टी कमिश्रर मकसूद अहमद, वाईएमसीए यूनिवर्सिटी के टैक्रीकल विभाग के एचओडी अरविंद गुप्ता, एक्यूटिव इंजीनियर हितेश कुमार व एक्यूटिव इंजीनियर अश्वनी गौड को शामिल किया गया है, जो कि इस पूरे हादसे की जांच करेगी।


