फरीदाबाद, 04 अक्टूबर। डीसी विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा तथा हरियाणा लोक कला संघ, रोहतक के संयुक्त तत्वाधान में आगामी दिनांक 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर, 2023 तक रोहतक के एंडी स्टूडियो में सांझी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस कार्यक्रम में सांझी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें राज्य की महिला कलाकार भाग लेगीं। विजेता महिला कलाकारों को प्रथम पुरस्कार 51,000/- रूपए, द्वितीय पुरस्कार 31,000/-, तृतीय पुरस्कार 21,000/- तथा दो सांत्वना पुरस्कार 11,000/- रुपए दिए जाएंगे।
इस नौ दिवसीय कार्यक्रम में सांझी के गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी करवायी जाएंगी। सांझी हरियाणा की लोक पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो महिलाओं द्वारा दीवार पर नवरात्रों के दौरान बनाई जाती है। वर्तमान में यह कला गांव से लुप्त होती जा रही है। इस कला को बचाने के लिए विभाग द्वारा हर साल सांझी उत्सव तथा प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाता है, जिसमें महिलाएं बढ़-चढ़ कर भाग लेती है तथा पुरस्कार भी जीतती है। इस वर्ष भी सांझी प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 10 अक्टूबर, 2023 रहेगी।


