फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के दीपावली एन्कलेव में विधायक राजेश नागर का स्थानीय लोगों ने जोरदार अभिनंदन किया। लोगों ने विधायक को फूलमालाओं से लाद दिया। इस अवसर पर विधायक राजेश नागर ने कहा कि आपका भाई हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। आपको किसी से डरने अथवा दबने की जरूरत नहीं है।
विधायक राजेश नागर ने स्थानीय लोगों को तिगांव की प्रगति रैली को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सेक्टर 37 में बिजली सब स्टेशन बनकर तैयार है जहां से जल्द ही बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे आपके क्षेत्र में जो बिजली की कहीं कहीं समस्या है, वह भी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। श्री नागर ने कहा कि आपकी कॉलोनी आधी अप्रूव्ड नहीं थी, जिससे विकास कार्य सही से नहीं हो पा रहे थे लेकिन अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी कॉलोनियों को पक्का करने की घोषणा कर दी है। इसलिए अब विकास कार्य पूरी गति से होंगे। विधायक नागर ने कहा कि आपके क्षेत्र में पीने के स्वच्छ जल की व्यवस्था अमृत योजना के तहत की जा रही है। जिससे सभी घरों में पीने का साफ पानी मिलेगा।


