फरीदाबाद, 15 जुलाई। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्याल में विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मामलों में मुख्यमंत्री के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) जे एस नैन ने मुख्यातिथि के रूप में कुलपति डॉ. राज नेहरू की उपस्थिति में वर्ल्ड क्लास सीएनसी लैब का पायलट रन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए ई व्हीकल पर विशिष्ट अतिथि स्वामी निजामृतानन्द, एसडीआईटी के निदेशक सुशील सारवान और कुलपति डॉ. राज नेहरू के साथ सवारी कर इसका लोकार्पण किया।
अतिथिमंडल ने विश्वविद्यालय के नवाचार के लिए कुलपति डॉ. राज नेहरू को बधाई दी। यह ई व्हीकल स्क्रैप से तैयार किया गया है। इसका डिजाइन और निर्माण सब विद्यार्थियों ने स्वयं किया है। विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल और आयामों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया। अतिथियों ने श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल की मुक्तकंठ प्रशंसा की। तकनीक और कौशल पर आधारित यह प्रदर्शनी आकर्षण का बड़ा केंद्र बनी।
इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) जे एस नैन ने कहा कि सॉफ्ट स्किल मानव और मानवता के लिए बहुत आवश्यक है। युवा वर्ग अपने मौलिक प्रयासों से इसे हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमें युवा का अर्थ सही मायनों में समझना होगा। नवीन करने के संकल्प, ललक और नवाचार ही भारत को विश्व का कौशल केंद्र बना सकते हैं। लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) जे एस नैन कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा को कौशल की धुरी बनाने के उद्देश्य से ही श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। यह विश्वविद्यालय ही कुलपति डॉ. राज नेहरू के नेतृत्व में कौशल अभियान को क्रियान्वित करने में सक्षम है। उन्होंने युवा शब्द को परिभाषित करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रेरित किया।

